श्रावस्ती। राष्ट्रीय खेल दिवस पर सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में बालक व बालिका वर्ग की कई प्रतियोगिताएं हुईं। इस दौरान एसएसबी की सीमा चौकियों पर भी खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं।
स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में पिट्ठू दौड़ बालिका प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी की सबरीन व संजना को पहला, लक्ष्मी व शिफा को दूसरा और सफीना व पुष्पा तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में अलक्षेंद्र इंटर काॅलेज के अमरजीत पहले, आलम दूसरे और जनता इंटर काॅलेज के हरीश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
लंगड़ी रेस बालक वर्ग अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज के आलम प्रथम, समीन दूसरे व मंगलेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं लंगड़ी रेस बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी की संजना पहले, सबरीन दूसरे और नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं एसएसबी मुख्यालय भिनगा सहित सभी सीमा चौकियों पर बैडमिंटन, शतरंज, खो खो, वालीबॉल, वाक रेस व दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। इस दौरान उप कमांडेंट सोनू कुमार, विनोद कुमार व निरीक्षक रमेश कुमार सहित सभी सीमा चौकी प्रभारी, एसएसबी के जवान व क्षेत्रीय विद्यालयों के बच्चे मौजूद रहे।