इकौना सीएचसी का निरीक्षण करती महिला आयोग की सदस्य।
श्रावस्ती/इकौना। राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने बृहस्पतिवार को जिले का भ्रमण किया। उन्होंने इकौना सीएचसी, आंगनबाड़ी केंद्र भांमेपारा और जिला कारागार का निरीक्षण किया। सीएचसी में सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कैंटीन के पास गंदगी देखकर तत्काल सफाई के निर्देश दिए। मरीजों को कम भोजन मिलने की शिकायत पर सीएचसी अधीक्षक को फटकार लगाई। उन्होंने व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों और माताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कारागार में महिला कैदियों की समस्याओं को सुना तथा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल अधीक्षक को निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज और एसडीएम श्रेया भी उपस्थित रहे।