भिनगा जंगल के मध्य केन नाला जिसकी होनी थी सफाई
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। केन नाला सफाई के नाम पर पैसे का बंदरबांट हो गया। एसडीएम व अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी की जांच में इसका खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि यदि नाले की सफाई ठीक से नहीं हुई तो पानी की धारा की दिशा ही बदल जाएगी।
भिनगा जंगल के बीचों बीच से केन पहाड़ी नाला निकलता है। कहने को तो यह नाला है। लेकिन इसका स्वरूप नदी जैसा है। यह भिनगा जंगल के अंदर रहने वाले जीवों के लिए पेयजल का एकमात्र साधन है। जैसे ही नाला मैदानी इलाकों में निकलता है तो वह सिंचाई का साधन बन जाता है। जिससे दो से ढाई हजार हेक्टेयर भूमि की प्यास बुझती है।
पहाड़ी नाला होने के कारण पानी के साथ ही इसमें रेत भी आती है। जिस कारण नाले में प्रति वर्ष सिल्ट जमा होने के कारण इसकी गहराई कम हो जाती है। इसी सिल्ट को साफ करने के लिए 29 अप्रैल 2022 को 39.77 लाख रुपये व छह मई 2022 को 19.26 लाख रुपये के दो अलग-अलग टेंडर निकाले गए थे। इन टेंडर में नाले की सिल्ट निकाल कर पटरी के दोनों तरफ बराबर लगाया जाना था। लेकिन नाले की सफाई कुछ स्थानों पर करके बाकी उसे छोड़ दिया गया।
इसके साथ ही नाला सफाई कराने वाले बाढ़ खंड ने ठेकेदारों से मिलीभगत करके पूरे पैसे का भुगतान कर दिया। मामले की डीएम नेहा प्रकाश ने एसडीएम भिनगा व अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच कराई थी। जिसमें बंदरबांट की पुष्टि होने के साथ साथ जांच टीम ने यह भी लिखा है कि यदि इस नाले की सिल्ट सफाई करके दोनों पटरी पर नहीं रखा गया तो इस नदी की जलधारा की दिशा परिवर्तित हो सकती है। इससे जंगल को नुकसान तो होगा ही। साथ ही जहां लोग इसके पानी से सिंचाई करते हैं। वहां बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
यह होना था काम
केन नाला सफाई के लिए दो टेंडर कराए गए थे। इसके प्रथम टेंडर में केन नाले के किलोमीटर 10.800 से 21.200 तक अनुरक्षण कार्य। इसकी लागत 39.77 लाख रुपये थी। वहीं द्वितीय अनुबंध किलोमीटर 21.200 से 28.500 तक अनुरक्षण कार्य का निकाला गया। इसका स्टीमेट 19.26 लाख रुपये निर्धारित किया गया था। दोनों टेंडरों में काम पूरा नहीं हुआ। जबकि भुगतान पूरा कर दिया गया।
जांच के बारे में जानकारी नहीं
केन नाला सफाई का कार्य मेरे कार्यकाल में ही कराया गया है। लेकिन इसमें हुई जांच के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। -विनोद कुमार गुप्ता, अधिशाषी अभियंता बाढ़ खंड