केजीबीवी हरिहरपुररानी में कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्राएं
श्रावस्ती। जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, उच्च प्राथमिक और संविलियन विद्यालयों में मंगलवार को विद्यालय स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा आयोजित की गई। सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक हुई परीक्षा में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साह से प्रतिभाग किया। डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह ने कहा कि गणित ओलंपियाड से विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विश्लेषणात्मक चिंतन और समस्या समाधान कौशल विकसित होता है। इससे गणित के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ता है। डायट प्रवक्ता गणित एवं ओलंपियाड के नोडल रवि प्रताप सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में तार्किक सोच, सृजनात्मकता और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में समाधान खोजने की क्षमता विकसित करने का अवसर है।