श्रावस्ती। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बेटियों के लिए वरदान है। इसके तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई तक सरकार की ओर से छह चरणों में 15 हजार की राशि दी जाती है। योजना का लाभ लेने के लिये ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या खत्म करने, लैंगिक अनुपात स्थापित करने, बाल विवाह को रोकने, बालिका स्वास्थ्य, शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने, बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने में यह योजना कारगर साबित हो रही है। योजना का लाभ लेने के लिये स्थायी निवास प्रमाण पत्र के साथ आधार के रूप में एक आईडी देनी होगी। लाभार्थी की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक होनी चाहिये।
दो बच्चों से अधिक होने पर इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। किसी महिला के दूसरे प्रसव से जुड़वा बच्चे होने पर तीसरी संतान के रूप में लड़की को लाभ मिल सकेगा। पहले प्रसव से बालिका है तो दूसरे प्रसव से दो जुड़वा बेटियों के जन्म पर तीनों को लाभ दिया जाएगा।
इसमें जन्म पर दो हजार रुपये, एक वर्ष तक पूर्ण टीकाकरण पर एक हजार, कक्षा 01 में प्रवेश पर दो हजार रुपये, कक्षा 06 में बालिका के प्रवेश पर दो हजार रुपये, कक्षा 09 में प्रवेश के बाद तीन हजार रुपये तथा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कर स्नातक व दो वर्षीय डिप्लोमा में प्रवेश पर पांच हजार की धनराशि प्रदान की जाएगी। लाभार्थी को धनराशि उनके खातों में ऑनलाइन भेजी जाएगी। इसके लिये ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार कि समस्या होने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय श्रावस्ती से संपर्क कर सकते हैं।