श्रावस्ती। आगामी त्योहारों को लेकर गुरुवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए डीएम ने मौजूद लोगों से त्योहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। वहीं मौजूद अधिकारियों को त्योहार पर बिजली पानी व सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि आगामी दिनों में श्रावण मास का आखिरी सोमवार, मुहर्रम, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, कमर छठ एवं कजरी तीज का त्योहार पड़ेगा। जिसे सभी लोग मिलजुलकर मनाएं। इससे त्योहार का आनंद बढ़ेगा। त्योहारों पर कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे अमन-चैन में बाधा उत्पन्न हो। जिलेवासियों से अपील है कि त्योहारों को अमन चैन के साथ मनाते हुए जिले में गंगा-जमुनी तहजीब की एक मिसाल पेश करें। त्योहारों के दौरान कोई भी नई परंपरा कायम न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने त्योहार पर बिजली, पानी एवं सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। एसपील अरविंद कुमार मौर्य ने मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वह अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करें। त्योहार वाले दिन कड़ी निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने थानावार ताजियेदारों की सूची बनाने तथा पूरा विवरण सहित त्योहार रजिस्टर में दर्ज करने को कहा। लोगों को एएसपी केशव चंद्र गोस्वामी, एडीएम कमलेश चंद्र ने भी संबोधित किया। बैठक में एसडीएम भिनगा प्रवेंद्र कुमार, इकौना आरपी चौधरी, जमुनहा सौरभ शुक्ला व आशुतोष सहित सभी थानाध्यक्ष तथा दोनों समुदायों के धर्मगुरू एवं बुद्धिजीवी मौजूद रहे।