जमुनहा-बहराइच मार्ग पर हुए दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार पर पड़ा बिजली का खंभा।-
तुलसीपुर। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के ग्राम परसोहनी निवासी अयूब खान (42) शुक्रवार को कार से मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम नवीनगर निमंत्रण में गए थे। साथ ही कार में परिवार के ही शब्बीर खां (60), मैफूज खां (30) भी सवार थे। देर रात लौटते समय जमुनहा-बहराइच मार्ग पर लॉर्ड कृष्णा पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा टूटकर कार पर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। यहां हालत में सुधार न होता देख चिकित्सक ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।