श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार, जनसभा आदि की अनुमति के लिए ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी होगी। इसके लिए उन्हें एकल खिड़की का सहारा लेना होगा। जिसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सुविधा के लिए एकल खिड़की स्थापित की गई है। इसके लिए जारी आदेश में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा है कि सभी राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों के प्रचार के दौरान जनसभा, रिमोट, हेलीपैड्स आदि की अनुमति देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसकी अनुमति देने के लिए दोनों विधान सभाओं में एकल खिड़की/परमिशन सेल की व्यवस्था की गई है। इसमें सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे फोटोकॉपियर मशीन, स्कैनर, कंप्यूटर, टेलीफोन आदि एवं स्टाफ की व्यवस्था की गई है। इसमें एक डीएसपी रैंक का अधिकारी परमिशन सेल इंचार्ज के रूप में नियुक्त किया गया है।
राजनीतिक दल अथवा प्रत्याशी द्वारा सभी प्रकार की अनुमति के लिए निर्धारित प्रारूप पर आवेदन पत्र कम से कम 48 घंटे पूर्व एकल खिड़की इंचार्ज को उपलब्ध कराना होगा। 289 भिनगा विधानसभा के लिए तहसील मुख्यालय भिनगा के कक्ष संख्या-4 में व 290 श्रावस्ती विधानसभा के लिए तहसील मुख्यालय इकौना के कक्ष संख्या 7 में परमिशन सेल स्थापित की गई है।