सरयू नहर से शव को निकाते पुलिसकर्मी।
तुलसीपुर। सोनवा थाना क्षेत्र के अडराई गांव के पास बुधवार दोपहर सरयू नहर की मुख्य शाखा में एक अज्ञात युवक का शव उतराता मिला। ग्राम पंचायत तुलसीपुर के मजरा अडराई स्थित पुल से गुजर रहे राहगीरों ने शव को नहर के गेट में फंसा देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसने आसमानी व नीले रंग की चेक शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी है। मृतक की फोटो जिले के सभी थानों में भेज दी गई है। पहचान होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।