श्रावस्ती। यूपी बोर्ड की परीक्षा बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शुरू हुई। पहली पाली में हाईस्कूल व दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा हुई। 43 परीक्षा केंद्र पर आयोजित परीक्षा के दौरान पहली पाली में 12,577 के सापेक्ष 11,144 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। 1,433 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट सैन्य विज्ञान में पंजीकृत 23 के सापेक्ष 21 परीक्षार्थी ही उपस्थित रहे। जबकि दो परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
प्रशासन की नजर में सभी परीक्षा केंद्र संवेदनशील
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील की श्रेणी में शामिल किया गया है। जहां एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व वाइस रिकार्डर लगाए गए हैं। विद्यालय में बने कंट्रोलरूम से इनकी निगरानी कराई जा रही है। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर कोई परेशानी नहीं हुई है।
बाक्स में -
नई व्यवस्था से नहीं हुई कोई परेशानी
हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौटी प्रियंका ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के दौरान जो नई व्यवस्था लागू की गई है। इससे परीक्षार्थियों को कोई असुविधा नहीं हो रही है। किरन ने बताया कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व ही कक्ष निरीक्षकों ने जरूरी दिशा निर्देश दे दिए गए थे। शमीम ने कहा कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व तलाशी ली गई थी। इसके बाद परीक्षा कक्ष में एक बार तलाशी हुई। शिवांस ने बताया कि प्रश्नपत्र बहुत सरल था। इसमें वहीं पूछा गया जो हमने पहले पढ़ा था। सभी प्रश्न पाठ्यक्रम के अनुसार ही थे।
अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
बृहस्पतिवार को पहली पाली की परीक्षा में डीएम नेहा प्रकाश ने बलदेव प्रसाद नागरिक इंटर काॅलेज अमवा, राहुल स्मारक पब्लिक इंटर कॉलेज असईपुरवा सहित कई अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डबल लॉक में रखे प्रश्नपत्रों के पैकेटों की टेम्परिंग का परीक्षण भी किया। परीक्षा कक्षों में जाकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश दिया। वहीं, एडीएम डीपी सिंह व एएसपी प्रवीण कुमार यादव ने जनता इंटर कॉलेज पटना खरगौरा सहित कई अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी जगह व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त मिलीं।