तुलसीपुर/ जमुनहा (श्रावस्ती)। गांवों में रहने वाले तमाम पात्र मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वहीं कई अपात्रों का नाम इसमें शामिल है। इसके लिए शनिवार से ‘मैं हूं ना’ कार्यक्रम के तहत पोलिंग बूथ पर बीएलओ ने ग्रामीणों को मतदाता सूची पढ़ कर सुनाई।
जमुनहा के महरू मूर्तिहा में चार पोलिंग बूथ पर ‘मैं हूं ना’ के तहत बूथ संख्या-84 पर मोहम्मद अयूब ने ग्रामीणों को मतदाता सूची सुनाई। वहीं बूथ संख्या-85 पर साफिया बेगम-86 पर शोभाराम व 87 पर नाजुक जहां ने मतदाताओं को मतदाता सूची पढ़ कर सुनाई। क्षेत्र के ही प्राथमिक विद्यालय जमुनहा प्रथम के पोलिंग बूथ संख्या-68 पर बीएलओ अनीता तिवारी व 69 पर दयाप्रकाश श्रीवास्तव ने मतदाता सूची पढ़ी। इस दौरान मौजूद ग्रामीण संतुष्ट दिखे।
वहीं जूनियर हाईस्कूल जमुनहा में सेक्टर मजिस्ट्रेट डाॅ. राम प्रसाद गुप्ता की उपस्थिति में ग्रामीणों को वोटर लिस्ट पढ़ कर सुनाई गई। यहां भी किसी ने विरोध दर्ज नहीं कराया। इसी क्रम में बरगदहा, जमुनहा भवनियापुर बूथ संख्या 9 से 15 तक पर मौजूद सभी बीएलओ ने ग्रामीणों को मतदाता सूची पढ़ कर सुनाई। इस दौरान सुपरवाइजर फिरोज अहमद, बीएलओ पवन वर्मा, हरिगोविंद, सूचित राम, सिद्धराम व वेद प्रकाश सैनी सहित ग्रामीण मौजूद रहे। इसी के क्रम में आज रविवार को भी सभी पोलिंग बूथों पर बीएलओ ग्रामीणों के समक्ष मतदाता सूची पढ़ कर सुनाएंगे।