- बहन का एक जून को होना था निकाह
संवाद न्यूज एजेंसी
जमुनहा / तुलसीपुर (श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के वीरगंज व सोनवा थाना क्षेत्र के उत्तमापुर गांव के निकट मंगलवार रात हुई मार्ग दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदन कोटिया निवासी जीशान अहमद (30) पुत्र रमजान अहमद की बहन का एक जून को निकाह होना था। जीशान मंगलवार को वीरगंज बाजार से लौट रहा था। जमुनहा बहराइच मार्ग स्थित हरिहरपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह बाइक समेत खड्ड में जा गिरा। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह मल्हीपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
वहीं एक अन्य घटना में हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम ददौरा निवासी राजेश (22) पुत्र अनिल कुमार मंगलवार देर शाम मोटरसाइकिल से सोनवा थाना क्षेत्र के उत्तमापुर जा रहा था। उत्तमापुर गांव के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई। हेलमेट न पहने होने के कारण राजेश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई। उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।