श्रावस्ती। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति और जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक हुई। डीएम ने नमामि गंगे योजना के कार्यों की समीक्षा कर पर्यावरण संरक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस कचरे को स्रोत पर ही अलग करने और सूखे-गीले कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। प्लास्टिक कचरे का घर-घर संग्रह करने और एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए। सरकारी परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही अस्पतालों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट, ई-कचरे के निस्तारण और प्रदूषणकारी वाहनों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन डीएफओ धनराज मीणा ने किया।