श्रावस्ती। नासिरगंज समिति पर तैनात चौकीदार पिकअप से लाकर बाजार में महंगे दामों पर उर्वरक बेच रहा था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद 22 नवंबर को जिला कृषि अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप की पुष्टि के बाद चौकीदार निलंबित कर दिया गया है। जांच सहायक विकास अधिकारी जमुनहा को सौंपी गई है।
जिले में उर्वरक के लिए मारामारी मची है। वहीं, साधन सहकारी समिति नासिरगंज महादेवा में तैनात चौकीदार राधेश्याम खाद की कालाबाजारी कर रहा था। इसका वीडियो वायरल हुआ था जिसमें चौकीदार राधेश्याम नासिरगंज बाजार में मार्ग किनारे पिकअप खड़ी कर डीएपी व यूरिया की कालाबाजारी करता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई। चौकीदार इफ्को कंपनी की डीएपी खुले बाजार में बेच रहा था। उसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कृषि अधिकारी ने एआर कोऑपरेटिव सहित जिलाधिकारी को पत्र लिखा। इसके आधार पर चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जांच सहायक विकास अधिकारी, जमुनहा को सौंपी गई है। उन्हें पंद्रह दिसंबर तक जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।