इकौना (श्रावस्ती)। जगरावल गढ़ी के मजरा टेंडवा निवासी महिला का शव बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या की आशंका जताते हुए पति, सास व ससुर के विरुद्ध तहरीर दी है। इकौना थाना क्षेत्र के डिहवा निवासी बहोरी ने अपनी पुत्री लक्ष्मी (20) का विवाह थाना क्षेत्र के जगरावली गढ़ी के मजरा टेंडवा निवासी बहादुर के साथ किया था।
बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लक्ष्मी का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के पिता बहोरी ने हत्या की आशंका जताते हुए इकौना पुलिस को पति बहादुर, ससुर सुखराम व सास सुखराजी के विरुद्ध तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष तिवारी बताते हैं कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।