श्रावस्ती। समग्र शिक्षा माध्यमिक की ओर से वार्षिक कला उत्सव-कलान्तर 2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक विद्यार्थी 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को पत्र जारी कर विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष तक आयु वर्ग के लिए मेरे माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कार व 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए पानी के बिना धरती विषय पर पेंटिंग, प्राचीन भारत, प्यार से देखभाल विषय पर क्ले मॉडलिंग, सृजनात्मक लेखन, गायन, नृत्य, अभिनय आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वह विद्यार्थियों व अभिभावकों को प्रेरित कर अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं।