पुलिस की गिरफ्त में कृषि विभाग का सहायक लिपिक।
श्रावस्ती। विकास भवन स्थित जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में तैनात बीज पटल व बीज लाइसेंस के कनिष्ठ सहायक युगुल किशोर अवस्थी को एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। टीम के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह ने बताया भिनगा कस्बे के मोहल्ला बंदरहा शिवाजीपुरम निवासी अजय कुमार ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन गोंडा इकाई से शिकायत की थी कि आरोपी लिपिक बीज लाइसेंस के नाम पर 5000 रुपये की रिश्वत मांग कर रहा है। इस पर टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए कार्यालय में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लिपिक के विरुद्ध कोतवाली भिनगा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विदित हो कि इसके पहले भी कृषि विभाग के एक लिपिक को विकास भवन परिसर से 24 फरवरी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।