भिनगा में प्रदर्शन करते अभाविप के कार्यकर्ता।-
श्रावस्ती। झारखंड में जेपीएससी व जेएसएसबी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में अभाविप कार्यकर्ताओं ने भिनगा में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आंदोलनकारी विद्यार्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज व वॉटर कैनन के प्रयोग के विरोध में था। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रज्ज्वल मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की थी। उन्होंने पेपर लीक व अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे थे। इसके बावजूद उन पर बलप्रयोग अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने रांची में विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे अभाविप कार्यकर्ताओं पर भी पुलिस लाठीचार्ज को असंवेदनशील बताया। इस मौके पर जिला संयोजक सुधांशु पांडेय, विराट शुक्ला, दिलीप और आशुतोष मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।