नगर पालिका परिषद कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद ईओ व अन्य।
श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद कार्यालय भिनगा के सभागार में बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष इरफान अहमद की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर गली-मोहल्लों को स्वच्छ बनाया जाएगा। साथ ही लोगों को सफाई अपनाने के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि स्वच्छता अपनाने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण हो सकता है। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि अभियान के दौरान अपने आसपास सफाई रखें तथा दूसरों को भी प्रेरित करें। इस मौके पर ईओ डॉ. अनीता शुक्ला, दिलीप मिश्रा, शालिनी त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं।