श्रावस्ती। मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर लगेगा। एडीएम ललित कुमार ने बताया कि शिविर सुबह 10 से शाम चार बजे तक चलेगा। इसमें पहली बार मतदाता बनने वाले युवा, महिलाएं, दिव्यांग और अन्य पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकेंगे। आवेदन बीएलओ या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए voters.eci.gov.in पोर्टल और ईसीनेट एप की सुविधा भी उपलब्ध है। आवेदन के साथ जन्मतिथि प्रमाणित करने वाले जरूरी दस्तावेज लगाना अनिवार्य है।