परीक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को पेठा व गुड़ देते जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा।
श्रावस्ती। भिनगा स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में रविवार को नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) संपन्न हुई। सकुशल परीक्षा संपन्न करवाने के लिए आला अधिकारी भ्रमणशील रहे और सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चली परीक्षा में पंजीकृत 584 अभ्यर्थियों में से सिर्फ 550 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं, 34 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नीट को शांतिपूर्ण, सकुशल व नकलविहीन संपन्न कराने के लिए अभ्यर्थियों की कई चरणों में तलाशी ली गई। नीट परीक्षा देने आये अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा जलपान व बैठने की व्यवस्था करवाई गई। जिला पंचायत कार्यालय के पास लगे पंडाल में जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वयं अभिभावकों व सुरक्षा कर्मियों को पेठा व गुड़ खिलाते नजर आए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि अभिभावकों के बैठने के लिए जिला पंचायत कार्यालय खोलवा दिया गया है।