श्रावस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के बहराइच और आसपास के स्टेशनों पर कार्यरत 50 रेलकर्मी रविवार को एक दिवसीय भ्रमण पर श्रावस्ती पहुंचे। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर ध्यान का अभ्यास किया। जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के निर्देशन में भ्रमण आयोजित हुआ। कर्मचारियों ने जेतवन, सहेट-महेट, अंगुलिमाल गुफा, कच्ची कुटी, ओणाझार, थाई व कोरियन टेंपल और दिगंबर जैन शंभूनाथ मंदिर का भ्रमण किया। शिविर का उद्देश्य तनाव से राहत, ऐतिहासिक स्थलों से परिचय और आपसी सौहार्द, टीम भावना व भाईचारे को बढ़ावा देना रहा।