श्रावस्ती। जिले में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचरण संहिता लागू हो गई है। सोमवार को जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने एसपी प्राची सिंह और एडीएम डीपी सिंह की उपस्थिति में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा की। जिले में चार मई को मतदान और 13 मई को मतगणना कराई जाएगी। नगर पालिका परिषद भिनगा और इकौना में कुल 49,098 मतदाता नगर की सरकार चुनेंगे। इनमें 25,574 पुरुष और 23,504 महिला मतदाता शामिल हैं। नगर पालिका परिषद भिनगा के 25 वार्डों के लिए 17 मतदान केंद्र और 50 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें चार मतदान केंद्र व सात मतदेय स्थल सामान्य, चार केंद्र व दस मतदेय स्थल संवेदनशील, सात मतदान केंद्र व 23 मतदेय स्थल अति संवेदनशील और दो मतदान केंद्र व दस मतदेय स्थलों को अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। यहां 18,997 पुरुष व 17,596 महिला मतदाताओं सहित कुल 36593 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं नगर पंचायत इकौना के 12 वार्डों के लिए चार मतदान केंद्र व 17 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
इनमें एक मतदान केंद्र व तीन मतदेय स्थल संवेदनशील, दो मतदान केंद्र व आठ मतदेय स्थल अति संवेदनशील, एक मतदान केंद्र व छह मतदेय स्थलों को अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। यहां 6577 पुरुष व 5908 महिला मतदाताओं समेत कुल 12,485 मतदाता हैं।
चुनाव के लिए अधिकारियों की तैनाती
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम नेहा प्रकाश ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए भिनगा में दो व इकौना में एक जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। साथ ही भिनगा में पांच व इकौना में दो सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है। भिनगा में छह व इकौना में दो निर्वाचन अधिकारी तैनात किए गए हैं। जबकि भिनगा में सात व इकौना में चार सहायक निर्वाचन अधिकारी तैनात किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 21 प्रभारी अधिकारियों की तैनाती की गई है। भिनगा में नवीन गल्ला मंडी व इकौना में तहसील कार्यालय को स्ट्रांग रूम बनाया गया है।
यह है चुनाव कार्यक्रम भिनगा व इकौना में 11 से 17 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री व उन्हें जमा कराने का कार्य किया जाएगा। 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नाम वापस लिया जा सकेगा। 21 अप्रैल को सुबह 11 बजे से प्रतीक चिन्हों का आवंटन होगा। जबकि चार मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 13 मई को सुबह आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना होगी।
आचार संहिता लागू होते ही उतरने लगे होर्डिंग-बैनर
नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही रविवार देर शाम से ही भिनगा व इकौना नगर में लगे होर्डिंग व बैनरों को उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इकौना नगर में सीओ इकौना संतोष कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी व ईओ ने मातहतों के साथ राजनीतिक दलों व उनके समर्थकों सहित संभावित प्रत्याशियों की ओर से लगाए गए होर्डिंग व बैनर उतरवाए। हालांकि भिनगा में सोमवार को भी कई स्थानों पर होर्डिंग व बैनर लगे दिखे।
उड़नदस्ता टीम का गठन
नगर पालिका भिनगा में गठित उड़नदस्ता दल में नायब तहसीलदार भिनगा प्रांजल त्रिपाठी, सीडीपीओ अभिषेक मिश्र व पशु चिकित्साधिकारी हरिहरपुररानी प्रतीक सिंह गौतम को तैनात किया गया है। साथ ही पुलिस उप निरीक्षक विशाल शुक्ला, विनोद कुमार, अमीनुद्दीन अंसारी को तैनात किया गया है। जबकि नगर पंचायत इकौना में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार इकौना राघवेंद्र पांडे, बीईओ इकौना प्रिया पाठक, पशु चिकित्साधिकारी इकौना डाॅ. नीरज वर्मा को तैनात किया गया है। पुलिस उप निरीक्षक कुलदीप राय, राम आशीष और भूपेन्द्र सिंह की तैनाती की गई है। साथ ही सभी मजिस्ट्रेटों के साथ 03-03 सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
स्थैतिक निगरानी दल भी तैनात
नगर पालिका परिषद भिनगा में स्थैतिक निगरानी दल में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के रूप में एडीओ पंचायत फौजदार आर्या, सहायक अभियन्ता सरयू नहर खंड-6 राजेन्द्र कुमार, सीडीपीओ हरिहरपुररानी नन्दलाल प्रसाद को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी के रूप में उप निरीक्षक श्रवण यादव, राम प्रगट मिश्रा व जितेन्द्र सिंह को तैनात किया गया है। नगर पंचायत इकौना में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के रूप में एडीओ पंचायत जितेन्द्र लाल श्रीवास्तव, पशु चिकित्साधिकारी इकौना डाॅ. प्रदीप कुमार त्रिपाठी, एडीओ पंचायत अरविंद त्रिपाठी की तैनाती की गई है। पुलिस उप निरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव, अनिल कुमार दूबे, भानू प्रताप सिंह की भी तैनाती की गई है।