एल्मिको कानपुर द्वारा संयुक्त जिलास चिकित्सालय में लगाया गया कैंप
श्रावस्ती। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से जिले में निशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल जून माह में बांटी गईं थीं। इनकी रिपेयरिंग के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। अंतिम दिन बृहस्पतिवार को छूटे दिव्यांगों के ट्राई साइकिल की मरम्मत की जाएगी।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र व रेडक्राॅस सोसाइटी द्वारा एल्मिको कानपुर के सहयोग से दिव्यांगोंं को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल बांटी गई है। इनकी सर्विस के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में तीन दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया। बुधवार तक कुल 42 दिव्यांगों के ट्राई साइकिल को ठीक कराया गया। रेडक्रॉस के सचिव अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि इस कैंप के माध्यम से यदि किसी दिव्यांग के ट्राई साइकिल का कोई पार्ट खराब हो तो उसे निशुल्क बदला जा रहा है। बृहस्पतिवार को इस कैंप का अंतिम दिन है। इसमें ज्यादा से ज्यादा दिव्यांग इसका फायदा उठा सकते हैं।
पुनर्वास केंद्र के कार्यों का करें प्रचार
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किया जाता है। यहां दिव्यांगों को कृत्रिम अंगों के साथ ही सहायक उपकरण निशुल्क दिए जाते हैं। इसके साथ ही वरिष्ठजनों को भी सहायक उपकरण देने की व्यवस्था है। वहीं, दिव्यांगों को पेंशन सहित अन्य सुविधाएं दिलाई जाती हैं। संस्था द्वारा किए जाने वाले इस कार्य की जानकारी अभी तक आम लोगों को नहीं है। डीएम कृतिका शर्मा ने सभी प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने के साथ ही पोस्टर लगाकर दिव्यांग व वरिष्ठों को मिलने वालीं सुविधाओं की जानकारी देने का आदेश सचिव को दिया है।