सुईया एसएसबी कैंप में प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते जिला पंचायत अध्यक्ष।-
श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी ने सीमावर्ती डी समवाय सुइयां में नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 16 दिवसीय मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण का समापन हुआ और 20 दिवसीय फूड प्रोसेसिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा थे। उन्होंने कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षणों का शुभारंभ किया। दद्दन मिश्रा ने वाइब्रेंट विलेज जानकीनगर के मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए। उन्होंने उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही, वाइब्रेंट विलेज हेमपुर, सोनपुर और रानीपुर के लिए फूड प्रोसेसिंग प्रशिक्षण शुरू हुआ। दद्दन मिश्रा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हैं। कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने बताया कि एसएसबी राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा करती है। बल सामाजिक-आर्थिक विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाता है।