श्रावस्ती। जिले में 140 करोड़ रुपये खर्च कर 15 उद्यमी उद्योग स्थापित करेंगे। इससे जहां सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं व्यापार को भी पंख लगेंगे। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में डीएम ने उद्यमियों के साथ बैठक की। जिसमें निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए।
बैठक में डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि जिले में उद्योगों के स्थापना की अपार संभावनाएं हैं। उद्योग स्थापित हुए तो जिले का विकास होगा और श्रमिकों को रोजगार के लिए महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। जिले में लकड़ी व चावल उद्योग की अपार संभावनाएं हैं।
बैठक में उद्यमी कृष्ण कुमार सहाय यादव ने मांस प्रसंस्करण व शहद प्रसंस्करण यूनिट स्थापित करने, विजय कुमार राव ने विकास एग्रो प्रो कंपनी लगाने का प्रस्ताव रखा। अरविंद गुप्ता ने राइस मिल, अतुल शुक्ला ने वेयर हाउस, ओम गौरव ने इंटरलॉकिंग निर्माण कारखाना व अवध लैब के नाम से मेडिकल लैब लगाने का प्रस्ताव दिया।
इनके अलावा इकबाल अहदम मंसूरी ने मिल्क प्रोडक्ट, जफर नईम व सुरेंद्र कुमार ने फर्नीचर उद्योग, राम कुमार वर्मा ने राइस मिल, विष्णु कुमार गुप्ता ने आटा मिल और अरुण कुमार आजाद ने मिनरल वाटर पैकिंग उद्योग के स्थापना का प्रस्ताव दिया। साथ ही एक व्यवसायी ने आयुर्वेद की दवा बनाने तो दूसरे ने पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए प्रस्ताव दिया।
डीएम ने बताया कि जिले में अभी तक 15 उद्यमियों की ओर से उद्योग की स्थापना के लिए 140 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव निवेश सारथी पोर्टल पर प्राप्त हुआ है। जिसे मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में फरवरी में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मंजूरी मिलेगी। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग देवीपाटन मंडल गोंडा के जोनल कंसल्टेंट अनुराग, सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम डीपी सिंह, सहायक आयुक्त उद्योग अरविंद कुमार भास्कर, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।