कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में एक युवक ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया।
रविवार को एलम निवासी युवक का शव अपने ही घर के कमरे में छत से फंदे पर लटका मिला। परिजन आनन-फानन में युवक के शव को फांसी के फंदे उतार कर प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया। डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दिए बिना ही शव को श्मशान में जाकर उसका दाह संस्कार कर दिया। बताया गया कि युवक शिक्षित होने के बाद भी बेरोजगार था। जिसके चलते काफी दिनों से तनाव में था। माना जा रहा है कि इसी तनाव के चलते युवक ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल ने घटना से अनभिज्ञता व्यक्त की।