कैराना। हरियाणा के पानीपत से युवक को ऑटो में कैराना छोड़ने के बहाने खेत ले जाकर कुछ युवकों ने कपड़े उतरवाए और मारपीट भी की गई। आरोपियों ने जबरदस्ती युवक मुंडन भी कर दिया। वह किसी तरह खेतों से निकलकर घर पहुंचा और कोतवाली में तहरीर दी। इससे पहले पीड़ित पानीपत और यूपी के कैराना कोतवाली के चक्कर कार्रवाई की मांग को लेकर काटता रहा।
गांव मवी निवासी फैजान मंगलवार को परिजनों के साथ स्थानीय कोतवाली में पहुंचा। उसने शिकायत में बताया कि सोमवार को वह पानीपत में दवाई लेने गया था, जहां उसने कपड़े और जूते भी खरीदे। इसके बाद वह ऑटो में बैठ गया, जिसमें चालक ने उसे दस रुपये में कैराना छोड़ने की बात कहीं। पानीपत से बाहर निकलकर ऑटो चालक ने उस पर दबाव बनाकर घर फोन कराया और एक हजार रुपये मंगाने के लिए कहा गया। उसने घर फोन भी किया, लेकिन रुपये नहीं मिल सके। आरोपी उसे कोतवाली क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी के निकट जंगल में खेत पर ले गया, जहां उसके साथी भी थे। उसे बेहोश भी किया गया। रात करीब साढ़े आठ बजे उसे होश आया। इसके बाद आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर उसके कपड़े उतरवाए और मारपीट करते हुए पशु को नहलाने और सफाई करने का दबाव बनाया। आरोपियों ने बाल पसंद नहीं होने की बात कहकर उसके उस्तरे व मशीन से जबरदस्ती सारे बाल काट दिए। आरोपियों ने एक युवक को वहां उसका पहरा देने के लिए छोड़ दिया और बाकी किसी कार्य से चले गए। तभी वह मौका पाकर सोमवार की रात्रि करीब 11 बजे दीवार से कूदकर जंगलों के रास्ते घर तक पहुंच सका। मामले में पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
-
दो राज्यों में उलझी पुलिस कार्रवाई
पीड़ित ने परिजनों के साथ कोतवाली में पहुंचकर घटना की शिकायत की तो उसे हरियाणा की घटना बताई गई। इसके बाद वह पानीपत के कई थानों में पहुंचे, तो यूपी की घटना बताकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद फिर से वह कोतवाली कैराना पहुंचे और क्षेत्र के बुच्चाखेड़ी के जंगल में हुई घटना के संबंध में कार्रवाई की गुहार लगाई।
घटना हरियाणा की है। पुलिस को बुच्चाखेड़ी के जंगल में भी जांच के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है।- -वीरेंद्र कसाना, एसओ कैराना।