कैराना। दो दिन पूर्व उफान पर चल रही यमुना अब राहत देती दिख रही है। इसके जलस्तर में गिरावट जारी है।
पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा के चलते तीन दिन पूर्व हथिनीकुंड बैराज से दो लाख से अधिक क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था। इसके अगले दिन यमुना का जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 25 सेंटीमीटर की दूरी पर रह गया था। चेतावनी बिंदु 231 मीटर व खतरे का निशान 231.500 मीटर पर होने के चलते किसानों की धड़कनें तेज हो गई थीं। खादर क्षेत्र में किसानों के खेतों में पानी घुस गया था। अब यमुना दो दिन से राहत देती दिख रही है। दूसरे दिन भी यमुना के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को जलस्तर 229.75 मीटर रिकॉर्ड किया गया। उधर, ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे यमुना में 11 हजार 042 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। संवाद