कैराना। दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर महिला पर तेल छिड़कर आग लगा दी। गंभीर हालत के चलते महिला का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच ससुराल वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली निवासी हाशिम ने केातवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री नसीमा की शादी 23 मार्च 2020 को खुरगान गांव निवासी अकरम के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में कार की मांग की जा रही थी, उसका निरंतर उत्पीड़न किया जा रहा था। इसी बीच उसने दो बच्चों को भी जन्म दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज के लिए 17 जुलाई को उसकी पुत्री के साथ में मारपीट कर दी और उस पर तेल छिड़क कर आग लगा दी, जिसमें उसकी पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई और उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया, जिसका सफदरजंग हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में महिला के पति अकरम, ससुर नूरा उर्फ नूर हसन, सास नाजमा, ननद आसमा व जेठ राकिब निवासीगण गांव खुरगान के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।