थाना भवन क्षेत्र के गांव जाफर पुर में सरोज का फाईल फोटो
थानाभवन। गांव जाफरपुर में बृहस्पतिवार की देर रात घर में सो रही बंगाली परिवार की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हत्या किसने और क्यों की, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र के गांव जाफरपुर में विगत कई वर्षों से गांव के बाहर लगभग डेढ़ दर्जन बंगाली परिवार मकान बनाकर रह रहे हैं। बंगाली परिवार का बाबू कोल्हू पर काम कर परिवार का पालन पोषण करता है। बृहस्पतिवार की रात बाबू और उसकी पत्नी सरोज (55) घर के बरामदे में सो रहे थे। बताया गया कि रात में करीब 1:30 बजे गोली चलने की आवाज पर पति बाबू जाग गया। देखा तो पत्नी की कनपटी से खून बह रहा था। बाबू ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसी बीच दूसरे कमरे में सो रहे बाबू के दोनों बेटे भी आ गए। पुलिस को सूचना 5:30 बजे दी गई। जिसमें एसपी अभिषेक, थाना प्रभारी सुदेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि महिला की कनपटी पर गोली गोली मारी गई है, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शामली भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पति की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस को चार घंटे बाद दी सूचना
मृतका के पुत्र नथलू ने बताया कि वह तीन भाई हैं। दो भाई मां और पिता के साथ ही घर पर ही दूसरे कमरे में सो रहे थे। एक भाई अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। जबकि माता-पिता घर के बरामदे में सो रहे थे। घटना रात 1:30 बजे की बताई जा रही है, लेकिन परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को सुबह 5:30 बजे दी। पुलिस इस मामले की भी जांच में जुट गई है। उधर, महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए थे।
थाना भवन क्षेत्र के गांव जाफर पुर में सरोज का फाईल फोटो