संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता। गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी एक ग्रामीण ने गांव के ही अप्रशिक्षित पर पत्नी को गलत दवा व इंजेक्शन देने से हालत बिगड़ने का आरोप लगाया। उसने डीएम से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि अप्रशिक्षित दवा में नशीला पदार्थ मिलाता है।
गढ़ी अब्दुल्ला निवासी शाहनवाज ने डीएम से शिकायत की कि उसकी पत्नी रफत सुल्ताना तीन माह से बीमार है। वह गांव के एक अप्रशिक्षित के पास इलाज कराने के लिए गई थी। अप्रशिक्षित ने उसे दवा पीसकर दी। वहीं, एक इंजेक्शन भी लगाया। पीड़ित शाहनवाज का आरोप है कि थोड़ी देर बाद ही उसकी पत्नी की हालत बिगड़ गई। जिस पर वह उसे निजी चिकित्सालय में ले गया।
वहां चिकित्सक ने उसे बताया कि गलत दवा के कारण उसकी पत्नी की हालत खराब हुई है। पीडित का आरोप है कि अप्रशिक्षित अंग्रेजी दवा पीसकर उन्हें देशी बताकर देता है। उसके पास पंजाब व हरियाणा से कुछ महिलाएं आती हैं। वे उसे स्मैक व अफीम देकर जाती हैं। इससे मरीज को लत लग जा रही है। पीड़ित ने डीएम से आरोपी की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
दिव्यांग युवक ने लगाया मारपीट का आरोप
गढ़ीपुख्ता। गांव खेड़की निवासी एक दिव्यांग ने गांव के ही एक युवक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित गुड्डू ने आरोप लगाया कि वह बृहस्पतिवार को किसी काम से गांव के ही एक युवक के घर गया था। उस समय उक्त युवक नशे में धुत था। इसी दौरान युवक ने उससे मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इससे पूर्व भी वह मारपीट कर चुका है। पीड़ित ने कार्रवाई की गुहार लगाई है। संवाद