शामली में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका के पास सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद एकत्र भीड़।
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर सिंभालका बाईपास के ऊपरिगामी पुल के निकट ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बाइक को महिला का बेटा चला रहा था और उसकी देवरानी की लड़की भी बाइक पर साथ थी, जो हादसे का मंजर देखकर बेहोश हो गई। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेरठ जिले के थाना कंकरखेड़ा के गांव जंगेठी निवासी लवली अपनी मां बबीता देवी और चचेरी बहन अवंतिका को बाइक पर लेकर बुधवार को अपराह्न तीन बजे बाबरी के गांव खेड़ी बैरागी से शामली होते हुए अपने गांव जा रहा था। जब वह शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका से आगे बाईपास के ऊपरिगामी पुल के निकट पहुंचा तो सामने से अचानक गलत दिशा से टाटा मैजिक गाड़ी आ गई। उसी समय पीछे से ट्रक आ गया। बाइक मैजिक व ट्रक के बीच आ गई और असंतुलित हो गई। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठी बबीता (35) सड़क पर गिर गई और पहिये के नीचे आकर कुचल गई। जिससे बबिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे को देखकर अवंतिका (18) बेहोश हो गई, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में लवली को भी चोटें आईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
- जन्मदिन की पार्टी में मायके आई थी महिला
मृतक महिला बबीता का मायका बाबरी क्षेत्र के गांव खेड़ी बैरागी में है। वह अपने बेटे व देवरानी की लड़की के साथ मंगलवार को अपने भाई संदीप की लड़की की जन्म दिन की पार्टी में शामिल होने आई थी। बृहस्पतिवार को घर लौटते समय महिला हादसे का शिकार हो गई।
- 100 मीटर दूर तक महिला को ट्रक ने घसीटा
ट्रक की चपेट में आने के बाद महिला ट्रक के पीछे की तरफ पहियों के बीच फंस गई। महिला के बेटे ने शोर मचाया, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोका। इस दौरान महिला करीब 100 मीटर दूर तक सड़क पर घिसटते हुए चली गई और बुरी तरह कुचली जाने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि अगर चालक ट्रक को तुरंत रोक देता तो शायद महिला की जान बच जाती। लोगों के पीछा करने पर चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
शामली में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका के पास सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद एकत्र भीड़।