शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में भिक्की मोड़ पर रिक्शा में साइड लगने पर महिला ने बाइक सवार युवक की चप्पलों से धुनाई कर दी। लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया।
शहर के मोहल्ला धीमानपुरा भिक्की मोड़ पर ई-रिक्शा में बाइक की साइड लग गई। बाइक पर दो युवक सवार थे। ई-रिक्शा में बैठे व्यक्ति ने बाइक सवार युवकों से साइड लगने का विरोध जताया तो उन्होंने अभद्रता की। ई-रिक्शा में सवार महिला ने भी युवकों का विरोध किया तो उन्होंने महिला से भी अभद्रता कर दी। इसके बाद महिला ने बाइक चला रहे युवक की चप्पल से धुनाई कर दी। इस दौरान आसपास लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान यातायात पुलिस के होमगार्ड व अन्य लोगों ने बीच में पड़कर मामला शांत कराया।