कैराना के गंदराऊ में सडको पर भरा तालाब का पानी
-रमजान के महीने में रोजेदारों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। गांव के गंदराऊ में दो तालाबों के ओवरफ्लो होने पानी की निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण गांव की सड़कों पर पानी भरा हुआ है। लगातार जलभराव से जहां रोजेदारों को मस्जिदों में आने-जाने में परेशानी हो रही हैं, वहीं संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई हैं।
कैराना ब्लाक के गांव गंदराऊ की हालत बद से बदतर बनी हुई हैं। ग्रामीण मासूम ने बताया कि उनके गांव में 2 तालाब हैं। जो साफ-सफाई न होने के कारण ओवरफ्लो हो चुके हैं। जिनका पानी गांव की गलियों में भर गया हैं। बड़ी मस्जिद के सामने लगातार जलभराव की स्थिति बनी है। जिस कारण रोजेदारों को मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी की निकासी के लिए मोटर लगा दी गई हैं। जिसके फोटो खींचकर गांव के सेक्रेटरी व अन्य अधिकारियों को भेजे जाते हैं, जबकि मोटर चलाकर पानी नहीं निकाला जाता।
उन्होंने तालाबों की साफ-सफाई तथा पानी की निकासी की व्यवस्था भी कागजों में ही सिमट कर रह गई। बीडीओ जितेंद्र कुमार मिश्र का कहना हैं कि गांव के दोनों तालाबों पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना रखें हैं। जिस कारण तालाबों का क्षेत्रफल छोटा हो गया है। ग्राम प्रधान को बोलकर मोटर लगवा कर पानी निकलवाया जाएगा। वहीं उन्होंने ग्रामीणों से अपील की हैं कि कोई भी बिना जरूरत के सबमर्सिबल चलाकर न छोड़ें। लगातार सबमर्सिबल का पानी चलने के कारण भी तालाब ओवरफ्लो हो रहे हैं।
लगातार जलभराव से पनप सकते हैं डेंगू मच्छर
गांव गंदराऊ में तालाब का गंदा पानी गलियों में भरा हुआ हैं। लगातार पानी के जमाव से जहां डेंगू के मच्छर पनपने का डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना हैं कि गलियों में भरे गंदे पानी से डेंगू के मच्छर पनपने के साथ ही संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों की साफ-सफाई तथा गलियों में भरे गंदे पानी को निकलवाने की मांग की है।