संवाद न्यूज एजेंसी
शामली, जलालाबाद। बाजार में जाने वाले मुख्य मार्ग पर पानी के पाइप की लीकेज दो बार ठीक करने के बाद भी स्थिति जस की तस है। मिट्टी का ऊंचा ढेर लगने से नगरवासियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से कस्बे के अंदर जाने वाली मुख्य सड़क में डॉ. रणजीत के सामने दबे टंकी के पाइप में लीकेज आने से मार्केट के लोग परेशान हैं। लीकेज को टेक्नीशियन ने दो बार ठीक किया। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लीकेज ठीक करने के दौरान गड्ढा खोदकर निकाली गई मिट्टी का ऊंचा ढेर मार्केट के सामने लगा हुआ है। जिससे आवाजाही करने वाले कस्बावासियों और ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। इस संबंध में देवेंद्र आर्य, रूखसार अहमद, जौहर सिंह आदि ने अधिशासी अधिकारी योगेंद्र सिंह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
अधिशासी अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क के पाइप में लीकेज का मामला संज्ञान में आया था। दो बार टेक्नीशियन को भेजकर लीकेज सही करवाया है। शायद कोई छोटा लीकेज रह गया है। शनिवार में साप्ताहिक बंदी रहेगी तो आवाजाही कम रहेगी। शनिवार को लीकेज ठीक करा दिया जाएगा।