सहारनपुर के लिए भी
11 से 17 अगस्त तक प्रभातफेरी व साइकिल यात्रा निकालें कार्यक्रम अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। राष्ट्रीय सेवा योजना लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक श्रुति ने मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम अधिकारियों से कहा कि अगले महीने 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह के लिए लोगों को जागरूक करने की खातिर प्रभात फेरी व साइकिल यात्रा निकाली जाएं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक ने सोमवार को वर्चुअल समीक्षा बैठक में कहा कि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। यह हमारे लिए ऐतिहासिक पल है। इसके तहत 11 से 17 अगस्त के बीच स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जाना है। स्वतंत्रता सप्ताह के अंतर्गत सभी इकाइयां प्रभात फेरी निकालें। जिसमें स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले महापुरुषों के चरित्र का वर्णन हो।
उन्होंने कहा कि 75 स्वयंसेवकों के साथ आजादी के अमृत महोत्सव के लिए साइकिल यात्रा का आयोजन करें। पोस्टर, स्लोगन व मेहंदी प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को देश की स्वतंत्रता में योगदान देने वाले गुमनाम शहीदों के बारे में जागरूक करें। सभी कार्यक्रम अधिकारी अधिक से अधिक जन जागरूकता अपने स्वयंसेवकों के माध्यम से फैलाने के लिए ट्वीटर और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें। सभी इकाइयां और कार्यक्रम अधिकारी अपने-अपने ट्वीटर अकाउंट बनाएं। उनके माध्यम से चल रही गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाएं। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. भूपेंद्र कुमार ने कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कार्यक्रम अधिकारी हर घर तिरंगा कार्यक्रम को प्राथमिकता के आधार पर लें और अधिक से अधिक लोगों तक तिरंगे का जीवन में महत्व बताकर अमर शहीदों के चरित्रों को पहुंचाएं। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारियों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया गया।