नांगल के ग्रामीणों का मिल को गन्ना देने से इंकार
शामली, जलालाबाद। हसनपुर लुहारी के बाद नांगल गांव के ग्रामीणों ने भी थानाभवन शुगर मिल को नए पेराई सत्र में गन्ना देने से इनकार कर दिया है। सोमवार को ग्रामीणों ने गन्ना सहकारी समिति के सचिव को ज्ञापन देकर गांव में देवबंद या तितावी शुगर मिल का गन्ना केंद्र लगाने की मांग की है।
नांगल गांव के कई ग्रामीण सोमवार को थानाभवन स्थित गन्ना सहकारी समिति के कार्यालय पहुंचे। यहां समिति के सचिव को ज्ञापन देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि थानाभवन शुगर मिल किसानों का भुगतान करने में फिसड्डी है। शुगर मिल ने अब तक पिछले साल का किसानों का गन्ना बकाया भुगतान नहीं दिया है। जबकि अन्य मिल अब से पहले किसानों का पूरा भुगतान कर चुके हैं। थानाभवन शुगर मिल में किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जिस कारण उन्होंने इस पेराई सत्र में थानाभवन शुगर मिल को गन्ना देने से साफ इनकार कर दिया है। किसानों ने मांग की है कि उनके गांव में देवबंद या तितावी शुगर मिल का गन्ना केंद्र लगाया जाए। सचिव ने किसानों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वाले किसानों में सत्येंद्र कुमार, विकास कुमार, महेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, कृष्णपाल, जोगिंदर, ईश्वर सिंह, भोपाल सिंह सहित काफी किसान मौजूद रहे।