शामली। गांव आल्दी में होली के दिन हुए झगड़े के आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एएसपी संतोष कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपा।
गांव आल्दी निवासी मामचंद, मांगेराम, इंद्रपाल, तेजपाल, विरेंद्र, ऋषिपाल, कुबाड़ी, जगरोशन व धीरा आदि ने एएसपी संतोष कुमार सिंह को उनके कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव में होली के दिन दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर सात मई को रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पीड़ितों ने बताया कि अभी तक पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एएसपी से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने पीड़ितों को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।