फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: सत्यापन समिति ने आठ ग्राम पंचायतों पर क्षय रोग मुक्त होने की लगाई मुहर

Sat, 09 Mar 2024 01:39 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। शासन के निर्देश पर गठित जनपद स्तरीय छह सदस्यीय टीम ने सत्यापन के बाद आठ क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायतों पर अपनी मुहर लगा दी। इन ग्राम पंचायतों को जिला प्रशासन की तरफ से विश्व क्षय रोग दिवस पर पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री के क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग ने क्षय रोग मुक्त पंचायतों के चयन के लिए सेंट्रल क्षय रोग डिविजन की तरफ से निर्धारित सूचकांक मानकों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतों का सर्वे किया था। स्वास्थ्य विभाग ने कांधला ब्लाक से दो ग्राम पंचायत हुरमजपुर व रामपुर खेड़ी, ऊन ब्लाक में ग्राम पंचायत भाटटू, थानाभवन ब्लाक में ग्राम पंचायत उमरपुर व मारूखेड़ी, कैराना ब्लाक में ग्राम पंचायत ऐरटी व जगनपुर और शामली ब्लाक में ग्राम पंचायत गोहरपुर का चयन कर शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी। चयनित आठ ग्राम पंचायतों का राज्य स्तरीय समिति द्वारा सत्यापन किया जाना था, लेकिन शासन ने जिला स्तरीय समिति गठित कर सत्यापन के लिए अधिकृत कर दिया था।
शासन के निर्देश पर छह सदस्यीय समिति गठित की गई। समिति में आईएमए से डॉ. अरुण रॉय, पंचायती विभाग से नामित पंचायती सहायक सतीश कुमार, कांधला सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामवीर सिंह, एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार, फैसिलिलेटर शबी आजम व विपिन गुप्ता शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायतों की रिपोर्ट तैयार कर सीडीओ व एडीएम को सौंप दी है। चयनित ग्राम पंचायतों को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर 24 मार्च को डीएम कांस्य पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे। पदक व प्रमाण पत्र को ग्राम पंचायत सदन में रखा जाएगा और यह एक साल के लिए वैद्य रहेगा।
विज्ञापन

दूसरे साल क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायत में चयन होने पर मिलेगा रजत पदक
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मानकों को पूरा करने वाली जिले की आठ ग्राम पंचायत को विश्व क्षय रोग दिवस पर एक वर्ष तक की वैद्यता के प्रमाण पत्र के साथ कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा। अगर वहीं ग्राम पंचायत लगातार दूसरे वर्ष भी क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायत घोषित होती है तो उसे रजत और लगातार तीसरे साल घोषित होने पर स्वर्ण पदक देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
विज्ञापन


क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायत के ये रहे मानक

- एक हजार की आबादी पर 30 संभावित क्षय रोगियों की जांच।

- एक या एक से कम रोगी को नोटिफिकेशन होना।

- क्षय रोग उपचार की सफलता दर 85 प्रतिशत होना।

- 60 प्रतिशत क्षय रोगियों की सीबी नेट जांच होना।

- निक्षय पोषण योजना का सभी मरीजों को शत प्रतिशत लाभ मिलना।

- निक्षय पोषण पोटली योजना का शत प्रतिशत लाभ मिलना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें