- सोशल मीडिया पर वायरल होने पर स्वास्थ्य विभाग ने किया सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। सीएचसी पर बनाए बूथ पर चार माह पूर्व जिस महिला की मौत हो चुकी है, उसके नाम पर सतर्कता डोज लगा दी। इसका मैसेज परिजनों के मोबाइल पर पहुंचा तब इसकी जानकारी हुई। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो स्वास्थ्य विभाग ने इस गलती को सुधार करते पोर्टल पर ठीक कराया।
शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल व सभी सीएचसी पर निशुल्क कोरोनारोधी टीके लगाए जा रहे हैं। सीएचसी के बूथ पर बुधवार को किरन तायल नाम की महिला के नाम पर सतर्कता डोज लगाई गई। इसका मैसेज परिजनों के मोबाइल पर पहुंचा, तब इसकी जानकारी हुई परिजनों के मुताबिक महिला का एक अक्तूबर 2022 को निधन हो चुका है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि सीएचसी पर कोविड टीकाकरण सत्र पर किसी लाभार्थी द्वारा गलत नंबर बताए जाने की वजह से किरन तायल की सतर्कता डोज पोर्टल पर गलत सत्यापित हो गई थी,जिसे राज्य स्तर से ठीक करा दिया गया है।
- 1538 को लगे कोरोनारोधी टीके
शामली। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.राजकुमार सागर ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल व सभी सीएचसी पर कोरोनारोधी टीकाकरण किया गया। दो लोगों को पहली डोज और 538 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है। इसके अलावा 998 लोगों को सतर्कता डोज लगी है।