सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने पर हंगामा
कांधला। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में प्रदर्शन कर सड़क मानक के अनुरूप बनाए जाने की मांग की।
कस्बा कांधला से गांव भारसी माइनर मार्ग की लंबाई करीब चार किमी है। माइनर के किनारे गांव भारसी तक शासन के आदेश पर सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण मानक के अनुसार सामग्री न लगाए जाने की सूचना मिलने पर वहां पहुंचकर देखा तो पाया कि सड़क मानक के अनुरूप नहीं बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना जिला पंचायत सदस्य को दी। सूचना के बाद जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार अपने समर्थकों के साथ सड़क निर्माण स्थल गए और उन्होंने वहां पर काम रहे ठेकेदार से सड़क का मानक पत्र मांगा, लेकिन वह नहीं दिखा पाया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए डीएम से सड़क को मानक के अनुरूप बनाए जाने की मांग करने की बात कही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर सड़क मानक के अनुरूप नहीं बनाई गई तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।