जलालाबाद। कस्बे के अहमदपुर में कुएं पर स्थापित शिवलिंग के चबूतरे को क्षतिग्रस्त करने को लेकर देर रात एक ही समुदाय के दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चबूतरे को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों को शांत कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया।
जलालाबाद के निकटवर्ती ग्राम अहमदपुर में सार्वजनिक कुएं पर शिवलिंग बना हुआ है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने जानबूझकर उक्त शिवलिंग के स्थान को टीलर से क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसका मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। साथ ही स्थान की मरम्मत कराने को कहा। जिस पर आरोपी झगड़ा करने पर उतारू हो गए। अन्य लोग भी उनके पक्ष में आ गए। दो पक्षों में झगड़े की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया। अधिकतर ग्रामीण क्षतिग्रस्त चबूतरे को सही कराने की मांग पर अड़े थे। पुलिस ने एक को हिरासत में लेकर निर्माण कराया। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया। एसएचओ सुदेश कुमार ने दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। चेतावनी भी दी कि कोई भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।