- सीएमओ कार्यालय पर पहुंची कैराना ब्लाक की सभी आशा व संगिनी
- स्थानांतरण रद न करने पर कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कैराना ब्लाक के बीसीपीएम का स्थानांतरण करने के विरोध में ब्लाक की सभी आशा और आशा संगिनी सीएमओ कार्यालय पर पहुंची। उन्होंने सीएमओ कार्यालय का घेराव करते हुए हंगामा किया। सीएमओ के स्थानांतरण रद करने से मना करने पर आशाओं ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने छह अप्रैल को कैराना ब्लाक में तैनात बीसीपीएम आरिश खान का स्थानांतरण कांधला ब्लाक में कर दिया है। उनके स्थान पर कुड़ाना ब्लाक में तैनात बीसीपीएम मनीषा को कैराना ब्लाक में स्थानांतरित किया है। सोमवार को कैराना ब्लाक क्षेत्र की सभी आशा और आशा संगिनी इकट्ठे होकर सीएमओ कार्यालय पहुंची। उन्होंने सीएमओ कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया। सीएमओ का घेराव करते हुए आशाओं ने कहा कि आशाओं के नाम से ट्वीटर पर की गई झूठी शिकायतों के आधार पर बीसीपीएम आरिश खान का स्थानांतरण किया गया है, जबकि ब्लाक की किसी भी आशा ने कोई शिकायत नहीं की है।
उन्होंने कहा कि यह बीसीपीएम और विभाग की छवि खराब करने की साजिश की गई है। उन्होंने सीएमओ को पत्र देकर बीसीपीएम का स्थानांतरण रद करने और झूठी शिकायत करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आशाओं ने चेतावनी दी कि अगर बीसीपीएम का स्थानांतण रद्द नहीं किया जाता है, तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगी। सीएमओ का कहना है कि कैराना के बीसीपीएम आरिश खान की कुछ शिकायतें मिल रही थी। कांधला ब्लाक खाली चल रहा था। शिकायतों के मद्देनजर उनका स्थानांतरण कांधला ब्लाक में किया गया है। उनके स्थान पर कुड़ाना ब्लाक की बीसीपीएम मनीषा को कैराना स्थानांतरित किया गया है। हंगामा करने वालों में राकेश, रूबी, भावना, नीतू, सोनिका, संगीता, कुसुम, रीतू आदि शामिल रही।