शामली नगर पालिका में प्रशासक का चार्ज संभालते अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उद्भव त्रिपाठी।
- फोटो : SHAMLI
उद्भव त्रिपाठी ने नगरपालिका के प्रशासक का संभाला चार्ज
शामली। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उद्भव त्रिपाठी ने सोमवार को नगरपालिका शामली के प्रशासक का चार्ज संभाल लिया है। उन्होंने पालिका कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों के बारे में जानकारी ली।
नगरपालिका शामली की चेयरपर्सन अंजना बंसल ने एक अक्तूबर को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम जसजीत कौर को त्यागपत्र सौंप दिया था। उन्होंने कहा था कि वे स्वेच्छा से अपना त्यागपत्र दे रही हैं, इसे स्वीकार किया जाए। डीएम ने चेयरपर्सन का त्यागपत्र शासन को भेज दिया था। दो दिन पहले शासन ने चेयरपर्सन का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया था और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उद्भव त्रिपाठी को प्रशासक नियुक्त कर दिया था। सोमवार दोपहर को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट उद्भव त्रिपाठी पालिका कार्यालय पहुंचे और पालिका के प्रशासक का चार्ज संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने लिपिक प्रदीप कुमार से पालिका कर्मचारियों के बारे में जानकारी ली और हाजिरी रजिस्टर चेक किया। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्यों को जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। संवाद