शिवाला कलां /नगीना (बिजनौर)। फीना धनोरा मार्ग पर गांव मुस्तफाबाद में किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर नगीना में बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
मंगलवार की देर शाम ग्राम रामपुर रसूलपुर निवासी राजवीर सिंह (53) पुत्र जयपाल सिंह बाइक द्वारा धनोरा से आ रहा था। गांव मुस्तफाबाद के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
वहीं नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम हरबंशपुर धारम उर्फ अब्दीपुर निवासी बॉबी (24) मंगलवार रात करीब 8 बजे अपनी बाइक द्वारा नगीना से घर वापस जा रहा था। बताया जाता है कि रास्ते में ग्राम काजीपुर इम्मा व अलेहदादपुर के पास सामने से आ रही बोलेरो कार की टक्कर में बॉबी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल को एंबुलेंस द्वारा नगीना के सरकारी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी का कहना है कि जिस वाहन से टक्कर हुई है उसके बारे में अभी सही जानकारी नहीं मिली है।