शामली। शामली रायफल क्लब के दो प्रशिक्षु राष्ट्रीय निशानेबाजों का भारतीय खेल प्राधिकरण में चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों को भारतीय खेल प्राधिकरण के इंदिरा गांधी स्टेडियम छात्रावास में खेल संबंधी सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। क्लब पर दोनों खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए विदाई दी गई।
क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया प्रशिक्षु निशानेबाज निशांत बालियान व वंश चौधरी ने इंदिरा गांधी स्टेडियम अलवर (राजस्थान) में 24 से 25 मई को दो दिवसीय चयन ट्रायल में हिस्सा लिया, जिसमें एयर रायफल निशानेबाज निशांत बालियान ने 395/400 का स्कोर किया और एयर पिस्टल निशानेबाज वंश चौधरी ने 370/400 का स्कोर किया। शूटिंग ट्रायल के साथ शारीरिक मापदंड के अनुसार चयन हुआ। खिलाड़ियों को भारतीय खेल प्राधिकरण के इंदिरा गांधी स्टेडियम छात्रावास में खेल संबंधी सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
गांव भाज्जू निवासी निशांत बालियान एयर रायफल सब यूथ वर्ग में पिछले वर्ष यूपी स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुका है और नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के साथ ही इस माह ही केरल में आयोजित हुए आल इंडिया कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग कर चुका है। गांव बनत निवासी वंश चौधरी एयर पिस्टल यूथ वर्ग में स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुका है और ऑल इंडिया कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के साथ ही भारतीय निशानेबाजी टीम के लिए भी ट्रायल दे रहे हैं। शुक्रवार को क्लब पर दोनों खिलाड़ियों को क्रीड़ा भारती की तरफ से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए विदाई दी गई।
इस अवसर क्रीड़ा भारती विभाग संयोजक मुकेश चौधरी, जिला मंत्री कमलवीर, क्लब सचिव डाॅ. विनीत चौहान, डायरेक्टर तपन मलिक, नेशनल शूटर पीयूष शर्मा, सिंपल चौधरी, शोभित शर्मा, अक्षय जावला, निखिल पुंडीर, मोनू ताना, अंकुर पाल, तनिश तरार, अक्षित कुमार, गगनदीप शर्मा, वंशिका तोमर, वंशिका राठी आदि मौजूद रहे।