अनमोल हत्याकांड में दो आरोपी और गिरफ्तार
शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने गांव जलालपुर में एक सप्ताह पहले बीसीए के छात्र की गोली मारकर हत्या करने के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तमंचा व चाकू बरामद किया है। इस हत्याकांड में दो नाबालिग समेत चार आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं।
गांव जलालपुर में एक सप्ताह पहले 28 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे बीसीए के छात्र अनमोल शर्मा की गांव के बाहर कोल्हू के निकट गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के चाचा मोहित शर्मा ने आदर्श मंडी थाने पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चार दिन पहले पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आदर्श मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस हत्याकांड में दो आरोपी शिवदत्त और राहुल निवासी गांव काकड़ा थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर फरार चल रहे थे। बृहस्पतिवार को सूचना मिलने पर फरार चल रहे दोनों आरोपियों को धीमानपुरा भिक्की मोड़ से गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया छात्र की हत्या में शामिल सभी छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं।