- एसआईबी की टीम ने 70 लाख मौके पर ही जमा कराए
- बिना जीएसटी जमा किए खरीदा जा रहा था कच्चा माल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। वाणिज्यकर विभाग की एसआईबी टीम ने बरनाला सरिया फैक्टरी में छापा मारकर लगातार 24 घंटे जांच की। फैक्टरी में दो करोड़ की कर चोरी पकड़ी गई। बिना टैक्स के खरीदा जा रहा कच्चा माल पकड़ा गया। मिल मालिकों से कर चोरी के 70 लाख रुपये मौके पर ही जमा कराए गए है।
वाणिज्यकर विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर ज्योति स्वरूप शुक्ला के नेतृत्व में एसआईबी की टीम ने मेरठ रोड स्थित बरनाला सरिया फैक्टरी पर छापा मारा। छापे की कार्रवाई 20 जुलाई को सुबह दस बजे शुरू हुई, जो 21 जुलाई को सुबह दस बजे तक चली। मौके पर मिले रिकाॅर्ड और माल का मिलान हुआ तो दो करोड़ की कर चोरी सामने आई। एसआईबी के डिप्टी डायरेक्टर विवेक मिश्रा ने बताया कि कच्चा माल बिना रिकॉर्ड के खरीदा जा रहा था और तैयार माल की बिक्री भी जीएसटी चोरी करके की जा रही थी।
प्रथम दृष्टया फैक्टरी में दो करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी गई है। टीम ने 70 लाख रुपये मौके पर ही जमा कराए हैं। जांच टीम में असिस्टेंट कमिश्नर रवि पंवार, अरुणेश सिंह, महेश पाठक आदि शामिल रहे।
जिले में कर चोरी का बड़ा खेल
जनपद में जीएसटी चोरी का बड़ा खेल चल रहा है। टीम जिस फैक्टरी में भी छापा मारती है, वहीं कर चोरी पकड़ी जाती है। कर चोरी करने वाली फर्जी कंपनी भी यहां बड़े स्तर पर पकड़ी जा चुकी है। मगर, अभी तक कर चोरी करने वालों पर पूरी तरह शिकंजा नहीं कसा जा सका है।