जंगली घास खाने से दो मवेशी की मौत
जलालाबाद। क्षेत्र के गांव दखोड़ी जमालपुर में शनिवार की रात में पशुपालक मंगलपाल ने अपने पांच पशुओं को घेर से लाकर घर में बांधा था। शाम के समय वह खेत की मेढ़ से घास काटकर लाया था। खेत से लाए गए घास डिल्ला को भूसा में मिलाकर पशुओं को खिलाने के लिए डाल दिया था। सुबह करीब चार बजे पशुपालक मंगलपाल जब सोकर उठा, तो उसने पशुओं को चारा डालना चाहा। इस पर पशुओं की हालत खराब मिली। दो पशु भैंसा और एक कटड़ा मृत अवस्था में थे। तीन पशु दुधारू भैंस व उसका बच्चा व एक भैंसा गंभीर हालत में थे। अलीपुरा से निजी पशु चिकित्सक को बुलाकर उपचार कराया गया। भाजपा नेता सोमवीर सिंह ने प्रशासन को सूचना दी, जिस पर पशु चिकित्सा विभाग की तरफ से चिकित्सक डॉ. राजेंद्र वर्मा, डॉ. अजय कुमार, डॉ. नदीम खान पहुंचे। चिकित्सकों की टीम ने दोनों पशुओं की मौत के कारण की जांच करने पर बताया कि जंगली घास के खाने से दो पशुओं की मौत हुई है। अन्य तीन पशुओं का उपचार किया जा रहा है। पशुपालक के परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद किए जाने की मांग की है।